रेवाड़ी में डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला का एक दिवसीय दौरा: WFI विवाद पर बोले- खेल और राजनीति अलग-अलग ठीक

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को रेवाड़ी जिले में एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने WFI विवाद, कांग्रेस पर कटाक्ष और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की।

WFI विवाद पर बोले- खेल और राजनीति अलग-अलग ठीक

दुष्यंत चौटाला ने रेवाड़ी में कहा कि खेल और राजनीति को एक दूसरे से अलग रहना चाहिए। तभी खेल का भविष्य संवर पाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी WFI की नई बॉडी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं महिला पहलवानों के आरोपों पर दिल्ली पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।

आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 10 महीनों में हमें दिन-रात एक करते हुए संगठन को मजबूत करना है। पिछले 4 सालों में हमने बहुत काम किए हैं और अब उन कामों का प्रचार करना कार्यकर्ताओं के हाथ में है। उन्होंने कहा कि आखिरी आदमी तक इस बात को पहुंचना है कि प्रदेश के राज में उनकी हिस्सेदारी होने के चलते क्या-क्या काम किए हैं।

कांग्रेस पर किया कटाक्ष

दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस आज हमारे द्वारा चलाए गए पोर्टल बंद करने की बात करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में अगर किसान की फसल खराब होती थी, तो उन्हें एसडीएम दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। लेकिन अब किसान एक फोटो खींचकर फोन के माध्यम से क्षतिपूर्ति पोर्टल पर डाल देते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले पीला राशन कार्ड बनवाने के लिए फाइलों का ढेर लग जाता था। कई महीनों तक लोग धक्के खाते रहते थे, फिर भी पीला राशन कार्ड नहीं बनता था। आज अगर परिवार की आय 1 लाख 80 हजार है तो गांव के एक सीएचसी सेंटर में जाना होता है और 2 मिनट में कार्ड बन जाता है। इसी तरह बुढ़ापा पेंशन के लिए अप्रोच लगानी पड़ती थी। फर्द निकलवाने के लिए कई दिन लग जाते थे। आज ये काम बड़े आसानी से हो रहे है।

सभी सीटों पर कर रहे तैयारी

चौटाला ने कहा कि राज में हिस्सेदारी होने के कारण ही ये सब संभव हो पाया है। बस इसी बात को प्रदेश के हर आदमी तक पहुंचा कर संगठन को मजबूत करना है। आने वाले चुनाव में हमारी और ज्यादा मजबूती होगी। चौटाला ने 2024 में गठबंधन या अलग चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि ये तो भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन तैयारी करना कोई गलत बात नहीं है। वह भी 10 लोकसभा और 90 विधानसभा सीट पर तैयारी कर रहे हैं और हम भी।