हरियाणा में JJP की BJP के गढ़ में रैली, दुष्यंत को CM बनाने के नारे

करनाल में नव संकल्प रैली में अजय चौटाला बोले- मिशन 2024 शुरू

हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने रविवार को करनाल में नव संकल्प रैली की। इस रैली में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने के नारे लगे। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि हमारा मिशन 2024 शुरू हो चुका है। इस साल लोकसभा और विधानसभा चुनाव होने हैं।

अजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा की जनता ने जजपा को हमेशा प्यार दिया है। यही वजह है कि 2019 के विधानसभा चुनाव में 10 सीटें जिताकर हमें सरकार तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि समय ऐसा आ गया है कि अब इस्तीफों से काम नहीं होगा। समस्या का समाधान राज से ही संभव है। जो कमी इस कार्यकाल में रह गई है, जजपा उसकी पूरी भरपाई करने का काम करेगी।

रैली में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा की प्रगति के लिए सरकार बिना किसी भेदभाव के राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में एक समान विकास करवा रही है। सरकार लोगों को सरकारी सुविधाएं और सेवाएं उनके घर द्वार पर ही प्रदान कर रही है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब किसानों को फसल बेचने के 2 दिन के अंदर-अंदर उपज का मूल्य सीधा बैंक खातों में ट्रांसफर हो जाता है। सरकार की ओर से किसानों को फसल खराब होने पर जल्द से जल्द मुआवजा राशि पीड़ित किसानों के खाते में तत्परता से पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है और उनमें आत्मविश्वास की भावना प्रबल हुई है। इसी प्रकार प्रत्येक तीन में से एक राशन डिपो महिला को दिए जाने का प्रावधान भी किया है।

रैली में पाटी के करनाल लोकसभा के पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। अब तक जजपा सोनीपत, फरीदाबाद, भिवानी-महेंद्रगढ़, कुरुक्षेत्र, सिरसा लोकसभा में रैली कर चुकी है।

GT बैल्ट में भाजपा को झटका

2019 के विधानसभा चुनाव में GT रोड बेल्ट में भाजपा को 15, कांग्रेस को 12, जेजेपी को 2 और निर्दलीय को 2 सीटें मिली थीं। हालांकि, 2019 के मुकाबले अपने गढ़ में 2014 के मुकाबले 6 सीटें कम जीती थीं। भाजपा को 21 की जगह 15 सीटें ही मिली थीं। दूसरी तरफ कांग्रेस ने 6 सीटों पर बढ़त हासिल कर 12 सीटों पर जीत दर्ज की।

प्रदेश में इनेलो से अलग होकर बनी जेजेपी ने भी दो सीटों से GT बेल्ट में अपना खाता खोला। 2 जगहों से निर्दलीय को जीत मिली थी।

महेंद्रगढ़ में ग्रामीणों को संबोधित करते सीएम मनोहर लाल

हरियाणा सरकार सभी ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए प्रति व्यक्ति 2 हजार रुपए प्रति वर्ष पंचायत के खाते में भेजेगी। पंचायतें अपने हिसाब से गांव का विकास करवा सकेंगी। सीएम मनोहर लाल ने महेंद्रगढ़ जिले के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन विभिन्न गांव में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

इससे पहले दिन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांव उन्हानी में अपने समर्थक किसान परिवार से जुड़े नंबरदार कंवर सिंह के घर रात्रि ठहराव किया। पूरे परिवार के साथ बैठकर बाजरे की रोटी और सरसों के साग का स्वाद चखा। यहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।