बहादुरगढ़ में गाड़ी लूटने का विरोध करने पर युवक को गोली मारी

Rajiv Kumar

हरियाणा के बहादुरगढ़ में गुरुवार की रात एक युवक पर बदमाशों ने गोलियां बरसा दी। युवक के एक हाथ और पैर में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल युवक शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि युवक ने गाड़ी लूटने का विरोध किया था, जिसके बाद बदमाशों ने उसे गोली मार दी।

घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे पारले बिस्कुट कंपनी के पास हुई। दिल्ली के जौंती निवासी महेश अपने दोस्त अमित के साथ खड़े थे। इसी दौरान दो बदमाश आए और उनसे गाड़ी छीनने लगे। महेश ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दी। महेश को एक गोली हाथ में और दूसरी गोली पैर में लगी।

गोली लगने के बाद महेश जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में ले जाया। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। महेश की हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से एक बदमाश को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान दिल्ली के नागल ठाकरान निवासी काला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की है।

दूसरा बदमाश फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि गोली लूटपाट के मकसद से मारी गई या कोई और वजह रही, इसकी जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment