करनाल में पेट्रोल पंप से 4 हजार का पेट्रोल डलवाकर फरार हुए दो युवक

करनाल के नेशनल हाईवे पर स्थित गांव झंझाडी के पास इंडियन ऑयल के फिलिंग स्टेशन पर दो युवक वरना कार में सवार होकर आए और 4 हजार रुपए का पेट्रोल डलवाकर फरार हो गए। युवकों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को गुमराह करने के लिए अपने फोन से UPI से पेमेंट की पेशकश की, लेकिन पेमेंट नहीं की।

घटना शनिवार-रविवार रात करीब एक बजकर 44 मिनट की है। वरना कार में सवार दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और 4 हजार रुपए का पेट्रोल डलवाने के लिए कहा। एक युवक ने पानी लाने के लिए कहा और एक कर्मचारी पानी लगाने के लिए चला गया।

दूसरे युवक ने पेट्रोल डालने की वीडियो बनानी शुरू कर दी। सही ढंग से पेट्रोल डलता मिला तो उसने वीडियो बनानी बंद कर दी। उसने कर्मचारियों को उलझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद गाड़ी का ड्राइवर भी बाहर आ गया।

ड्राइवर ने अपने फोन के UPI से पंप के QR कोड को स्कैन करके पेमेंट डाली, लेकिन वह पेमेंट अकाउंट में नहीं आई। इसके बाद युवक अपनी गाड़ी में जाकर बैठ गया। जिसके बाद कर्मचारियों ने पैसे अकाउंट में न आने की शिकायत की। कर्मचारी ने ऑफिस में जाकर पेमेंट चेक की।

युवकों ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वे अच्छे घर के हैं और सेक्टर 13 में रहते हैं। पैसे की पेमेंट होने के बाद ही वे यहां से जाएंगे। इसी दौरान 2 ट्रक तेल डलवाने के लिए पंप पर आ गए। इतने में युवक कहने लगा कि वह कार साइड में लगाता है, पेमेंट देने के बाद ही वह जाएंगे।

जैसे ही पंप के कर्मचारी ने बैरिकेड हटाया तो युवक कार भगाकर ले गए। पंप मालिक वरुण मलिक ने बताया कि दोनों युवक अच्छे घर के दिख रहे थे, लेकिन अनुमान नहीं था कि ऐसा कुछ हो सकता है। रात को ही पंप के लड़कों ने जानकारी दे दी थी। चार हजार का पेट्रोल डलवाया गया था। फ्रंट पर हरियाणा पुलिस का स्टीकर भी लगा हुआ था। आगे पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने जारी किया चेतावनी

करनाल पुलिस ने इस घटना के बाद लोगों को चेतावनी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर भरोसा न करें। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने से पहले नंबर प्लेट की जांच जरूर करें। अगर नंबर प्लेट नहीं है तो पुलिस को तुरंत सूचित करें।

पुलिस ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वे सावधानी बरतें।