- जहर खाने से लूटरे युवक की हुई मौत
- दिल्ली के नरेला का रहने वाला था मृतक
सोनीपत : शहर में शुक्रवार को एक युवक ने फिल्मी स्टाइल में ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश की। युवक सोने की चेन देखने के बहाने दुकान में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने सुनार पर पिस्टल तान दी। सुनार ने हिम्मत दिखाते हुए काउंटर से उतरकर युवक को दबोच लिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आए तो युवक ने जहर निगल लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना की CCTV वीडियो सामने आई है। मृतक की पहचान दिल्ली के नरेला स्थित गांव बांकनेर निवासी मनोज वर्मा (40) के रूप में हुई।
लड़की की शादी के लिए चेन देखने का बनाया बहाना : अमरजीत कुमार ने बताया कि उसकी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कच्चे क्वार्टर में सोना नाम से ज्वेलरी शॉप है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एक युवक उसकी दुकान पर पहुंचा। उसने खुद की बेटी की शादी में दामाद को सोने की चेन देने की बात कही। उसने सोने की चेन निकाल कर युवक को दिखाई। युवक ने करीब ढाई तोले की चेन दिखाने के लिए कहा। सोने की चेन का बिल बनवाने के बाद युवक ने ऑनलाइन पेमेंट देने की बात कही। उसने थैले से पिस्टल निकाल ली। युवक के हाथ में पिस्टल देखकर वह डर गया। युवक ने थैला देकर पास खड़े युवक को सारा सामान उसमें डालने की बात कही। इसके बाद अमरजीत ने युवक को बातों में उलझाकर काउंटर से उतरकर युवक को दबोच लिया। इसके बाद दुकान में मौजूद दूसरे युवकों ने बाहर लोगों को आवाज लगाकर बुला लिया। इसके बाद आरोपी युवक ने अपने थैले से एक बोतल निकाली। उसे रोकने की भी कोशिश की लेकिन वह जहरीला पदार्थ निगल गया। युवक वहीं बेहोश हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
खुद भी था स्वर्णकार: मृतक स्वयं भी स्वर्णकार था और बांकनेर में दुकान चलाता था। उसके परिवार में पत्नी व दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि मनोज वर्मा स्वर्णकार था और उन पर कर्ज हो गया था। परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रह था। वह सोनीपत कैसे पहुंचे इसकी जानकारी परिवार को नहीं।
मृतक युवक दिल्ली के नरेला का रहने वाला था : पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक मनोज वर्मा (40) दिल्ली के नरेला स्थित गांव बांकनेर का रहने वाला था। उसके परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।