हिसार में रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल में भाग लिया, निजी बसें भी बंद रहीं

हिसार: भारत बंद के आह्वान पर हिसार में रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। सुबह 7 बजे से ही सभी बसें बंद हैं। एतिहात के तौर पर प्रशासन ने रोडवेज बस अड्डे पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। निजी बस संचालक भी हड़ताल में शामिल हुए हैं, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संयुक्त किसान संघर्ष समिति ने किसान आंदोलन के समर्थन में दोपहर 12 से 3 बजे तक चौधरीवास टोल को फ्री करने का एलान किया है। जिला प्रशासन ने बिजली, पानी, यातायात सहित आवश्यक सेवाओं को सुचारू रखने के लिए अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। 8 डयूटी मजिस्ट्रेट पूरे जिले में निगरानी के लिए लगाए गए हैं।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणाहरियाणा कर्मचारी महासंघ ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर नारेबाजी की। ओमप्रकाश माल व अमृत लाल शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार जन विरोधी फैसले ले रही हैं। सार्वजनिक सेवाओं का निजीकरण किया जा रहा है। पूरे देश में महंगाई व बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है। कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता में सरकार नीतियों के खिलाफ भारी आक्रोश है।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि केंद्र सरकार कर्मचारी की पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर गंभीर नहीं है। कर्मचारी नेताओं ने किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कर्मचारी किसानों के साथ खड़े हैं।
एचएसईबी वर्कर्स यूनियन मीटिंग राज्य प्रधान सुनील खटाना ने कहा कि बिजली निगम कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं।

अन्य जिलों में:

  • झज्जर: अधिकतर सभी विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल का रोडवेज पर असर नहीं दिखा।
  • जींद: रोडवेज का चक्का पूरी तरह से जाम रहा। अल सुबह किलोमीटर स्कीम की ही चार बसों को लंबे रूटों पर निकाला गया।
  • कुरुक्षेत्र: रोडवेज कर्मचारियों ने सांझा मोर्चा के आह्वान पर भारत बंद का समर्थन किया। रोडवेज कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार किया।
  • सिरसा: रोडवेज का चक्का जाम रहा। डिपो के काउंटर पूरी तरह से खाली रहे।