Sonipat : गोहाना में फैक्टरी से ड्यूटी कर लौट रहे थे दो युवकों से 4 नकाबपोशों ने पिस्तोल के बल पर लूटी बाइक

  • रिढाणा नहर पुल से थोड़ा आगे रात को हुई घटना

सोनीपत : जिले में छीना झपटी एवं लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात को 4 नकाबपोश बदमाशों ने दो युवकों से पिस्तौल के बल पर मोटरसाइकिल लूट ली। दोनों प्राइवेट कंपनी में ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गोहाना क्षेत्र के गांव नूरनखेड़ा के रहने वाले सन्नी कुमार ने बताया कि वह पंचरत्ना कंपनी गांव टिटोली रोहतक में नौकरी करता है। उसके साथ उसका पडोसी मोनू भी उसी फैक्टरी में है। दोनों उसकी बाइक हर रोज ड्यूटी पर आया-जाया करते हैं। उसने बताया कि शुक्रवार रात को भी दोनों हर रोज की तरह टिटोली से ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी बाइक पर गांव नूरन खेड़ा के लिए चले थे।

सन्नी ने बताया कि वे रात को रिढाणा नहर पुल से थोड़ा आगे पहुंचे तो 4 बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ा कर उनको रोक लिया। चारों युवक अपने मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर उसकी गर्दन पर लगा दिया। उनको कहा कि जान की सलामती चाहते हो तो मोटरसाइकिल हमें दे दो। इसको लेकर उनकी बदमाशों से कहा सुनी व हाथापाई भी हुई। वे जबरदस्ती उनकी मोटरसाइकिल छीन कर ले गए।

बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर वारदात की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थाना बरोदा के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सन्नी की बाइक लूटी गई है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 379B IPC व आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया है। वारदात को लेकर छानबीन चल रही है।