जींद में तालाब की खोदाई के दौरान मिट्टी ढहने से सात महिला मजदूर घायल

Rajiv Kumar

हरियाणा के जींद जिले के गांव ईगराह में तालाब की खोदाई के दौरान मिट्टी ढहने से सात महिला मजदूर घायल हो गईं। घायलों को जींद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 11 बजे के करीब गांव ईगराह में मनरेगा मजदूरों द्वारा तालाब की खोदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मिट्टी का एक बड़ा ढेर खिसक गया और उसमें काम कर रही सात महिला मजदूर दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर पहुंचे मनरेगा मेट प्रदीप और गांव के सरपंच प्रतिनिधि कुलबीर ने घायल महिलाओं को मिट्टी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

घायल महिलाओं में गांव की 40 वर्षीय नवीना, 39 वर्षीय बबीता, 25 वर्षीय नीतू, 38 वर्षीय शारदा, 33 वर्षीय निर्मल, 28 वर्षीय मंजू और 26 वर्षीय किरण शामिल हैं। सभी महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरपंच प्रतिनिधि कुलबीर ने बताया कि सभी की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मिट्टी ढहने के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment