- परिजनों ने डूबने के कराए बयान दर्ज, तलाश शुरू
पानीपत : शहर की दिल्ली पैरलल नहर में एक युवक कूद गया। दरअसल, युवक अपने मामा के साथ इंस्टाग्राम पर रील लगाने के बाद हुए विवाद से आहत था। मामा उसे कई बार धमकियां दे चुका था। इसी से परेशान होकर उसने छलांग लगा दी। हालांकि, मामला पारिवारिक होने के चलते परिजनों ने मामले को रफा-दफा कर दिया। युवक को नहाते हुए डूबने के बयान दर्ज करवाए। इन्हीं बयानों के आधार पर पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
किराए पर सौंधापुर में रहता है परिवार : पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में यूनुस अंसारी ने बताया कि वह मूल रूप से यूपी के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर का रहने वाला है। हाल में वह जाटल रोड, सौंधापुर में किराए पर रहता है। उसका 20 साल का लड़का रिहान एक रग्स फैक्ट्री में काम करता था। जोकि गुरुवार दोपहर को लंच के समय फैक्ट्री से निकला था। इसके बाद वह न तो कंपनी में वापस गया और न ही घर आया। जिसको लेकर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान परिजनों को रिहान की साइकिल व उसके सभी कपड़े, मोबाइल, साइकिल की चाबी दिल्ली पैरलल नहर किनारे पड़े मिले। लेकिन, रिहान के बारे में कुछ पता नहीं लगा। परिजनों ने शक जताया है कि उनका लड़का रिहान नहर में नहाते हुए डूब गया।
बहन को फोन कर बोला-मैं नहर में कूद रहा हुं : पिता यूनुस ने कहा कि रिश्ते में लगने वाले मामा शाहरुख (24) से उसके बेटे रिहान का पिछले कई दिनों से मन-मुटाव चल रहा था। रिहान ने इंस्टाग्राम पर कोई रील लगाई थी। जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ। दोनों को खूब समझाया। लेकिन, शाहरुख ने उसे धमकियां दी थीं। इसी बात से रिहान परेशान था। गुरुवार दोपहर को उसने अपनी बड़ी बहन को फोन कर कहा कि वह नहर में कूद रहा है।