कुरुक्षेत्र: अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कहा- गीता में हर समस्या का समाधान मौजूद

आज कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत संत सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिरकत की। इस अवसर पर सीएम मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद थे।

संत सम्मेलन में अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस देश की महान संस्कृति को आगे बढ़ा रही है। देश की एकता और अखंडता के लिए जम्मू कश्मीर से 370 हटाई गई। देश को पंथ निरपेक्ष बनाने के लिए तीन तलाक का कानून हटाया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद गीता के ज्ञान को संत-महात्मा प्रचार कर रहे हैं। गीता में हर समस्या का समाधान मौजूद है।

अमित शाह ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन की शंकाओं का समाधान के लिए गीता का उपदेश दिया था। वह युद्ध धर्म की स्थापना और लोक कल्याण के लिए लड़ा गया, जिसकी प्रेरणा भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को दी। प्रधानमंत्री मोदी ने गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित करने की भावना व्यक्त की थी। सात साल के दौरान विश्वभर में गीता का ज्ञान दिया जा रहा है।

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि गीता का उपदेश आज भी जीवन में सार्वभौमिक है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साल 2016 से शुरू किया गया। हाल ही में अमेरिका सरकार से भी गीता महोत्सव को लेकर निमंत्रण आया है। साल 2014 से देश से गुलामी के चिह्न को मिटाने का कार्य प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। हाल ही में ही देश में अंग्रेजी काल से चल रहे कई कानून को बदलकर देश के अनुकूल बनाने का कार्य किया है।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद सहित देश-विदेश के संत भी इस संत सम्मेलन में शामिल हुए। इन सभी संतों ने गीता के मर्म पर मंथन किया। उन्होंने आने वाली पीढ़ी तक गीता के उपदेशों को पहुंचाने के मार्ग को प्रशस्त किया।

इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर व गुप्तचर विभाग के एडीजीपी आलोक मित्तल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संत सम्मेलन से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गीता ज्ञान संस्थानम के जीओ संग्रहालय का अवलोकन किया।

धारा 144 के तहत जारी किए आदेश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर एसपी शांतनु शर्मा ने धारा 144 के तहत आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार, वीआईपी मार्ग व उसके आसपास 100 मीटर के दायरा तक सड़क के दोनों तरफ कोई भी वाहन खड़ा नहीं हो सकता। वीआईपी मार्ग के 100 मीटर की परिधी के क्षेत्र में पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, लाठी-डंडे, तलवार, गंडासी, आग्नेय शस्त्र व अन्य किसी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने, खुला पेट्रोल, डीजल की बोतल, कैन पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। हैलीपेड स्थल, वीआईपी मार्ग के कार्यक्रम स्थल तथा आसपास ड्रोन/ग्लाईडर उड़ाने, कार्यक्रम स्थल के 500 मीटर के दायरे और मार्गों के दोनों तरफ किसी भी प्रकार के धरना प्रदर्शन करने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा।