चरखी दादरी में अवैध हथियार सप्लायर और उसके साथी गिरफ्तार

हरियाणा के चरखी दादरी में बाढड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लोहारू रोड से अवैध हथियार सप्लायर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से तीन अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानकावास निवासी अमित उर्फ गांधी और भिवानी के सुरपुरा निवासी विकास के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस ने रिमांड पर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सप्लायर अमित उर्फ गांधी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के ईटावा से अवैध हथियार लाया था। उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर लाता है और उन्हें आगे बेच देता है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमित उर्फ गांधी ने करीब एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह के बाद से अमित अपने पास भी अवैध हथियार रखता है। वह लंबे समय से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त करता है।

अमित उर्फ गांधी के खिलाफ 6 और विकास के खिलाफ 1 मामला दर्ज है। पुलिस अमित को सप्लायर तक पहुंचने के लिए जल्द ही ईटावा लेकर जाएगी।