हरियाणा: करनाल में भाजपा नेता मनोज वधवा के घर पर ED की रेड जारी, दूसरे दिन भी खंगाला जा रहा रिकॉर्ड

हरियाणा के करनाल में भाजपा नेता मनोज वधवा के घर पर ED की रेड दूसरे दिन भी जारी है। टीम ने कल उनके सेक्टर 13 स्थित मकान में दस्तावेजों को खंगाला था और आज सुबह से सेक्टर 32, 33 में उनका जो दूसरा मकान है, वहां रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।

हालांकि, रेड के दौरान क्या कुछ बरामद हुआ है। इसका खुलासा अभी अधिकारियों द्वारा नहीं किया है।

वहीं, मनोज वधवा के खनन में हिस्सेदार यमुनानगर के पूर्व इनेलो MLA दिलबाग सिंह के ठिकानों से अब तक 5 करोड़ रुपए कैश, 3 गोल्ड बिस्किट, विदेशी शराब की 100 से ज्यादा बोतलें, विदेश में बनाई कई संपत्तियों के कागजात, 4 अवैध विदेशी राइफलों समेत अन्य चीजें बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार टीम के अधिकारियों द्वारा पूर्व डिप्टी मेयर मनोज वधवा व उनके परिवार के सदस्यों से कल सुबह 6 बजे से पूछताछ चल रही है। करनाल के अलावा भी उनके अन्य संस्थानों में टीम द्वारा रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है।

टीम के अधिकारी परिवार के सदस्यों से केंद्रीय पुलिस बल की मौजूगी में दस्तावेजों की जांच कर रही है। टीम द्वारा वधवा की आय से अधिक संपत्ति, बैंक खाते और जमीन से जुड़े मुख्य दस्तावेजों को खंगाल रही है। इस दौरान किसी को भी न तो घर के अंदर आने दिया जा रहा है और न ही बाहर जाने दिया जा रहा है।

बता दें कि भाजपा नेता मनोज वधवा एक बिजनेसमैन और माइनिंग का काम भी करते हैं। मौजूदा समय में उनका यमुनानगर में खनन का कारोबार है। वह 2013 से 2018 तक नगर निगम के डिप्टी मेयर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने 2014 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ करनाल विधानसभा से INLD की टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। मगर इस चुनाव में वह जीत हासिल नहीं कर सके।

इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के सर्मथन से भाजपा मेयर रेनू बाला गुप्ता के खिलाफ भी मेयर का चुनाव लड़ा था, लेकिन उसमें भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चुनाव हारने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अगुआई में भाजपा का दामन थाम लिया था और अब मनोज वधवा BJP में हैं और आने वाले मेयर चुनावों की तैयारी कर रहे हैं।