हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ में भूकंप के झटके: 6.1 तीव्रता, अफगानिस्तान में रहा केंद्र

हरियाणा, पंजाब, और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत में 11 जनवरी, 2024 को दोपहर 2:50 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई।

नेशनल सेंटर फॉर सीसमोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का फैजाबाद रहा है। भूकंप का लैटिट्यूट 36.48 और लंबाई: 70.45 बताई गई है जबकि गहराई 220 किमी रही। अफगानिस्तान में झटके इतने अधिक तेज थे कि पाकिस्तान के अलावा उत्तर भारत में भी इसका असर दिखा।

चंद सेकेंड के लिए आए इन झटकों के कारण लोगों में डर का माहौल भी पैदा हुआ। हालांकि किसी इमारत या लोगों को नुकसान पहुंचने की फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।

भूकंप के झटकों से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़, अंबाला, लुधियाना, जालंधर, श्रीनगर और अन्य शहरों में भी हलचल महसूस की गई।

इससे पहले 20 दिसंबर 2023 को हरियाणा में भूकंप आया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.0 मापी गई। इसका केंद्र पानीपत रहा था।

सितंबर 2023 में 2 बार आया भूकंप

इससे पहले साल 2023 के सितंबर महीने में 5 तारीख को एक ही दिन में 2 बार भूकंप आया था। भूकंप का पहला झटका देर रात 12:27 बजे तो दूसरा झटका 1 बजकर 44 मिनट पर आ गया। यानी थोड़े से अंतराल के बाद दूसरी बार भूकंप आया।

12:27 बजे आए भूकंप का केंद्र गांव पोलंगी रहा और इसकी तीव्रता 2.6 रही तो वहीं 01:44 पर आए भूकंप का केंद्र गांव आसन रहा इस भूकंप की तीव्रता 2.7 दर्ज की गई.

इसके अलावा नए साल की शुरुआत के समय भी हरियाणा सहित दिल्ली एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। तब झज्जर जिले का गांव बेरी भूकंप का केंद्र रहा. रात 1:19 पर आए इस भूकंप की तीव्रता 3.8 रही।