रोहतक में कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र का हनन और महंगाई-बेरोजगारी पर निशाना साधा

रोहतक के मैना टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस की महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा कि देश में लोकतंत्र का हनन हो रहा है। संसद में जो हो रहा है, उसकी जनता गवाह है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतने के लिए पूरी ताकत से लड़ेगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा खोखला साबित हुआ है। देश की सारी संपत्ति कुछ ही हाथों में सौंप दी गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतेगी और एक भी सीट कांग्रेस से बाहर नहीं जाने देगी। उन्होंने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन इस चुनाव में एकजुट नहीं होगा तो देश में लोकतंत्र नहीं बचेगा।

सुरजेवाला ने कहा कि संसद में जो स्थिति बनी हुई है, वह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसान की हालत खराब हो गई है। भाजपा-जजपा सरकार ने प्रदेश को दोराहे पर खड़ा कर दिया है। प्रदेश बेरोजगारी में अव्वल हो गया है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में तोशाम से विधायक किरण चौधरी ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ गया है। खासकर महिला अपराध में इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्कूलों की हालत खराब है। 1100 करोड़ की ग्रांट वापस कर दी गई और काम नहीं करवाए गए। सिलेंडर का दाम 1150 रुपए कर दिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में हरियाणा में संदेश यात्रा निकाली जाएगी। हर संसदीय क्षेत्र में इसका रूट निर्धारित किया जाएगा।