हरियाणा के अंबाला शहर में 7वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना कुष्ठ आश्रम के पास की है। मृतक की पहचान 14 वर्षीय विकास पुत्र चंद्रभूषण के रूप में हुई है।
विकास के भाई आकाश ने बताया कि 24 फरवरी को वह काम पर गया था। घर पर अकेला विकास था। शाम को जब वह घर लौटा तो उसने देखा कि विकास का शव पंखे से लटका हुआ है। यह देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी।
आकाश ने बताया कि जनवरी 2024 में ही उसकी मां की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से विकास मानसिक रूप से परेशान था। वह अक्सर कहता था कि उसे मां दिखाई देती है और उसे बुला रही है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
विकास परिवार में सबसे छोटा था। उसकी 4 बहने और 3 भाई हैं। वह अंबाला सिटी के एक स्कूल में कक्षा 7वीं की पढ़ाई कर रहा था। 26 फरवरी को उसकी परीक्षा भी थी।