Sushil Kumar Modi Death: तीन-तीन बार रहे विधायक, 19 महीने जेल में…ऐसा रहा सुशील कुमार मोदी का सियासी सफर

Mohit
By Mohit

Sushil Kumar Modi Death: BJP के वरिष्ठ नेता रहे सुशील कुमार मोदी ने सोमवार (13 मई) को दिल्ली में आखिरी सांस ली। 72 वर्षीय सुशील मोदी कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत पटना विश्वविद्यालय में एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में की थी।

वह 3 बार विधायक बने। 2020 में पहली बार राज्यसभा सांसद चुने गए। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। सुशील मोदी ने बिहार में 3 बार डिप्टी सीएम का पद भी संभाला।

साइंस कॉलेज से की पढ़ाई पूरी

सुशील कुमार मोदी ने अपनी सियासी यात्रा पटना विश्वविद्यालय में छात्र आंदोलन से शुरू की थी। उन्होंने पटना के साइंस कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की। अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बारे में बात करें तो उन्होंने पटना के सेंट माइकल स्कूल में शिक्षा प्राप्त की। पटना विश्वविद्यालय को तब ईस्ट का ऑक्सफोर्ड कहा जाता था।

कुल तीन बार विधायक बने

सुशील कुमार मोदी कुल तीन बार विधायक बने। पहली बार 1990, फिर 1995 और फिर 2000 में वे विधायक बने थे 2020 में पहली बार वो राज्यसभा सांसद बने थे. हालांकि इसी साल कुछ दिन पहले उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था। इसके बाद उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया गया था।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे

सुशील कुमार मोदी की गिनती बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में होती है। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी थे। सुशील मोदी तीन बार बिहार के डिप्टी सीएम बने थे. उनके पास वित्त सहित कई अहम विभाग थे। सुशील मोदी एक बार लोकसभा सांसद भी बने। वह जीएसटी काउंसिल के प्रमुख रहे।

19 महीने जेल में भी रहे

1974 में जेपी आंदोलन में सुशील मोदी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आपातकाल के दौरान वह 19 महीने जेल में भी रहे। फिर 1983 से 86 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश मंत्री, प्रदेश संगठन मंत्री सहित कई पदों पर रहने के बाद 1983 में उन्हें महासचिव बनाया गया।

Share This Article