Sunita Williams News: अब तीसरी बार अंतरिक्ष यात्रा करेंगी सुनीता विलियम्स, इस दिन भरेंगी उड़ान

Sunita Williams News

Sunita Williams News: भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स 6 मई को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के लिए उड़ान भरेंगी। सुनीता की ये तीसरी अंतरिक्ष यात्रा होगी। बोइंग के स्टारलाइनर कैलिप्सो मिशन के तहत सुनीता और बुच विल्मोर को ISS पर भेजा जाएगा। 2 हफ्ते तक ISS में रहने के बाद दोनों वापस लौटेंगे। मिशन का उद्देश्य लोगों और सामान को कैप्सूल के जरिए दूसरे ग्रहों तक ले जाना है।

जानें उनका अंतरिक्ष सफर

सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष यात्राओं की दुनिया में एक जाना माना नाम हैं। उनका अंतरिक्ष सफर दिसंबर 2006 में अभियान 14/15 के साथ शुरू हुआ था। STS-116 के चालक दल के साथ फ्लाइट इंजीनियर के तौर पर उड़ान भरी। चार स्पेसवॉक में उन्होंने कुल 29 घंटे 17 मिनट का समय बिताया और महिला के तौर पर एक रिकॉर्ड बनाया। जून 2007 में वह STS-117 चालक दल के साथ पृथ्वी पर वापस लौटीं।

जानें कब की थी दूसरी अंतरिक्ष यात्रा

उनकी दूसरी अंतरिक्ष यात्रा अभियान 32/33 के तहत जुलाई 2012 से नवंबर 2012 तक चली। कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से रूसी सोयुज कमांडर यूरी मालेनचेंको और जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी के अकिहिको होशिदे के साथ लॉन्च कर वो अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचीं। वहां उन्होंने चार महीने तक रिसर्च और एक्सप्लोरेशन में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने कुल 50 घंटे 40 मिनट के स्पेसवॉक का नया रिकॉर्ड बनाया।