रेलवे का मुआवजा ऐलान: मृतकों के परिजनों को 10 लाख, घायलों को 2.5 लाख
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ को लेकर रेलवे ने मुआवजे का ऐलान किया है। हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस घटना में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।
प्लेटफॉर्म 14 पर मची अफरा-तफरी
शनिवार रात करीब 10 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई। महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे हालात बेकाबू हो गए। एनडीआरएफ कमांडेंट दौलत राम चौधरी ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। भगदड़ की सूचना प्लेटफॉर्म नंबर 14 से मिली थी।
रेलवे बोर्ड ने गठित की जांच समिति
रेलवे बोर्ड ने घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति बनाई है। बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है। यात्रियों को विशेष ट्रेनों से उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है और रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही सुचारु हो गई है।
मृतकों की सूची
- आहा देवी (79) – बक्सर, बिहार
- पिंकी देवी (41) – संगम विहार, दिल्ली
- शीला देवी (50) – सरिता विहार, दिल्ली
- व्योम (25) – बवाना, दिल्ली
- पूनम देवी (40) – सारण, बिहार
- ललिता देवी (35) – परना, बिहार
- सुरुचि (11) – मुजफ्फरपुर, बिहार
- कृष्णा देवी (40) – समस्तीपुर, बिहार
- विजय साह (15) – समस्तीपुर, बिहार
- नीरज (12) – वैशाली, बिहार
- शांति देवी (40) – नवादा, बिहार
- पूजा कुमार (8) – नवादा, बिहार
- संगीता मलिक (34) – भिवानी, हरियाणा
- पूनम (34) – महावीर एन्क्लेव, दिल्ली
- ममता झा (40) – नांगलोई, दिल्ली
- रिया सिंह (07) – सागरपुर, दिल्ली
- बेबी कुमारी (24) – बिजवासन, दिल्ली
- मनोज (47) – नांगलोई, दिल्ली