दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को तीसरी बार विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया। स्पीकर राम निवास गोयल ने प्रस्ताव स्वीकार कर सदन को कल तक के लिए स्थगित कर दिया। कल इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
यह तीसरी बार है जब केजरीवाल ने विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया है। इससे पहले उन्होंने मार्च 2023 और अगस्त 2022 में भी विश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने शुक्रवार को सदन से भाजपा के 8 में से 7 विधायकों को बजट सत्र से निलंबित कर दिया। निलंबित विधायकों में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी भी शामिल हैं। स्पीकर ने कहा कि निलंबित विधायकों ने गुरुवार को LG के अभिभाषण को रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने यह भी कहा कि निलंबित विधायकों पर जुबानी हमला करना चाहते थे। स्पीकर ने मामले को प्रिविलेज कमेटी के पास भी भेजा है।
दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं। सत्ताधारी AAP के पास 62 और भाजपा के पास 8 विधायक हैं। AAP के पास दो तिहाई से ज्यादा बहुमत होने के बावजूद केजरीवाल ने विश्वासमत प्रस्ताव पेश किया।