Hansi : हांसी में 5 महीने पहले कार में जिंदा जला व्यक्ति मास्टर सुंदर था, DNA जांच रिपोर्ट में हुआ खुलासा, हत्या का केस दर्ज

मास्टर सुंदर सिंह का फाइल फोटो।

हांसी : हिसार जिले के हांसी के गढ़ी-दुर्जनपुर रोड पर 5 महीने पहले कार में जिंदा जला व्यक्ति मास्टर सुंदर सिंह ही था। डीएनए जांच की रिपोर्ट में अब यह पुष्टि हुई है। पुलिस ने अब 5 महीने बाद उसकी हत्या का केस किया है। पुलिस को कार में केवल मास्टर का कंकाल ही मिला था। उसकी पहचान करवाने के लिए पुलिस ने डीएनए जांच के लिए सैंपल लेकर भेजे थे। मामला उनकी पत्नी व पंचायत समिति की पूर्व चेयरपर्सन कृष्णा देवी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। 8 सितंबर 2023 को मास्टर सुंदर सिंह की गाड़ी में जलने से उनकी मौत हुई थी। घटना के बाद से परिवार के लोग उनकी हत्या की आशंका जता रहे थे। परिजन गृह मंत्री अनिल विज से भी मिले थे।

आग में जल रही कार। इसी कार में मास्टर का कंकाल मिला था।

पुलिस को दी शिकायत में कृष्णा देवी ने बताया कि 8 सितंबर को 12 बजकर 35 मिनट पर मास्टर सुंदर सिंह की कार सहित जलाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय वह अपनी क्रेटा कार में सफर कर रहे थे। घटना के दिन हमेशा की तरह वह गढ़ी से दुर्जनपुर स्थित स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। दुर्जनपुर में उनकी नियुक्ति थी।

कृष्णा ने बताया कि 8 सितंबर को मास्टर सुंदर सिंह स्कूल से जल्दी निकल गए थे। दुर्जनपुर और गढ़ी के बीच बड़सी में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में उनकी कार देखी गई। दोपहर 12 बजकर 24 मिनट पर कार ने बड़सी पार किया था। उसी सीसीटीवी कैमरे में दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर घटना के स्थान से धुआं निकलता हुआ भी दिखाई दे रहा है।  ध्यान देने वाली बात यह है कि कार रोड किनारे पर खड़ी मिली। ड्राइवर की सीट को आराम की स्थिति में पीछे धकेल दिया गया था। शरीर इस स्थिति में जला हुआ मिला। पुलिस ने अब धारा 302 के अलावा 201 व 427 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।