Farmer Movement-2: हरियाण के किसानों को खनौरी बॉर्डर जाने से रोकने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज और आंसू गैस के दागे गोले

किसान अपनी मांगों के लेकर हरियाणा व पंजाब बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन करते हुए।
  • घटना में नारनौंद के एसएचओ चंद्रभान के अलावा DSP रविंद्र सांगवान भी हुए घायल

हिसार : हिसार में पुलिस और किसानों के बीच टकराव हो गया। किसान खनौरी बॉर्डर पर पंजाब के किसानों के पास जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने रोक लिया। जिसके बाद लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। यह देख किसानों ने पथराव कर दिया। जिसमें थाना नारनौंद के एसएचओ चंद्रभान घायल हो गए।

वहीं हरियाणा पुलिस ने आंदोलन कर रहे किसान नेताओं के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई का फैसला वापस ले लिया है। अंबाला रेंज के IG सिबाश कबिराज ने शुक्रवार 23 फरवरी को यह जानकारी दी। इससे पहले, गुरुवार को अंबाला पुलिस ने कहा था कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई आंदोलनकारी किसान नेताओं से की जाएगी। इसके लिए उनकी संपत्ति कुर्क और बैंक खाते सीज किए जाएंगे। इधर पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर 21 साल के शुभकरण की मौत के विरोध में किसान शुक्रवार को देशभर में ब्लैक डे मना रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा की गुरुवार को साढ़े 4 घंटे चली बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। इसमें 100 किसान संगठनों ने हिस्सा लिया। 26 को देशभर में ट्रैक्टर मार्च और 14 मार्च को दिल्ली में महापंचायत करने पर सहमति जताई।

दिल्ली कूच पर फैसला आज :  किसान आंदोलन का आज 11वां दिन है। किसान-मजदूर मोर्चा (KMM) दिल्ली कूच पर आज फैसला लेंगे।। 21 फरवरी को खनौरी बॉर्डर पर युवक शुभकरण की मौत के बाद किसानों ने दिल्ली मार्च को रोक दिया था। गुरुवार को किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने एक तस्वीर जारी कर कहा- ‘​​​​​​खनौरी बॉर्डर पर सीधी फायरिंग की गई है। पंजाब सरकार हत्या का केस दर्ज करे।’ किसान नेता जगजीत डल्लेवाल ने शुभकरण को शहीद का दर्जा देने की मांग की।

हिसार के SP मौके पर पहुंचे, DSP भी घायल : हरियाणा के हिसार में किसानों और पुलिस के टकराव के बाद SP मकसूद अहमद मौके पर पहुंचे हैं। दोनों तरफ से तनाव की स्थिति है। एसडीएम प्रवीण कुमार को भी मौके पर बुलाया गया है। नारनौंद के एसएचओ चंद्रभान के अलावा DSP रविंद्र सांगवान भी घायल हुए हैं। किसान नेता सुरेश कौथ समेत कई किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

हिसार में SHO घायल, कई किसान नेता हिरासत में : हिसार में पुलिस और किसानों के टकराव में नारनौंद के एसएचओ चंद्रभान घायल हो गए हैं। इसके बाद पुलिस ने कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया है। फिलहाल यहां माहौल तनावपूर्ण है।

किसान नेता जगजीत डल्लेवाल अस्पताल से डिस्चार्ज हुए : किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को पटियाला के राजिंद्रा अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। जो खनौरी बॉर्डर पहुंचे है। उधर, सरवण सिंह पंधेर शंभू बॉर्डर पर पहुंचे हैं। शाम को प्रेस वार्ता करके आगे की रणनीति बताएंगे।