हरियाणा में निकाय चुनाव का बिगुल बजा, भाजपा-कांग्रेस-आप ने घोषित किए अपने प्रत्याशी

हरियाणा में निकाय चुनाव का बिगुल बजा, भाजपा-कांग्रेस-आप ने घोषित किए अपने प्रत्याशी

हरियाणा में 41 स्थानीय निकायों के चुनाव और उपचुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार रात नौ नगर निगमों के मेयर, 19 नगर परिषदों और पालिकाओं के अध्यक्ष और पार्षद पदों के उम्मीदवार घोषित किए थे। इसके बाद शनिवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी।

राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशी उतारे

कांग्रेस ने आठ नगर निगमों और तीन नगर परिषदों में अपने मेयर व अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने रोहतक से अमित खटक और सोनीपत से कमलेश कुमार सैनी को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है।

गुरुग्राम नगर निगम से कांग्रेस ने सीमा पाहुजा को उम्मीदवार घोषित किया है।

कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची

कांग्रेस ने इन नगर निगमों और परिषदों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं:

  • गुरुग्राम नगर निगम – सीमा पाहुजा
  • मानेसर – नीरज यादव
  • हिसार – कृष्ण सिंगला
  • करनाल – मनोज वधवा
  • रोहतक – सूरजमल
  • यमुनानगर – किरण देवी
  • अंबाला – अमीषा चावला
  • सोनीपत – कमल दीवान

नगर परिषदों के लिए:

  • पटौदी जाटौली मंडी – राज रानी
  • सिरसा – जसविंदर कौर
  • थानेसर – सुनीता नेहरा

राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को मिला टिकट

कांग्रेस ने अपने कई मजबूत और पुराने नेताओं को टिकट दिया है।

  • हिसार से कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी कृष्ण सिंगला 1968 से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। वे 1995 से हिसार नगर परिषद के लगातार तीन बार चेयरमैन रह चुके हैं और 1995-97 में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट बोर्ड हिसार के चेयरमैन भी रहे।
  • रोहतक नगर निगम के कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल किलोई 2005 में नगर परिषद के पार्षद बने थे। उनकी पत्नी पूनम किलोई भी पार्षद रह चुकी हैं।
  • गुरुग्राम से कांग्रेस प्रत्याशी सीमा पाहुजा पंजाबी समुदाय से आती हैं और दो बार पार्षद रह चुकी हैं।
  • करनाल से मनोज वधवा एक प्रमुख पंजाबी नेता हैं, जो पहले इनेलो में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। हाल ही में उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की है।
  • अंबाला की अमीषा चावला पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी रही हैं और उनके पति स्व. दिलीप चावला कांग्रेस सरकार में मीडिया सलाहकार थे।
  • यमुनानगर से किरण देवी सैलजा गुट की करीबी हैं और उनका टिकट सैलजा के समर्थन से फाइनल हुआ है।

Share This Article
Exit mobile version