दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी: हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये

Rajiv Kumar

दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी: हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये

 

दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने होली से पहले इस योजना के क्रियान्वयन की तारीख का एलान कर दिया है।

 

महिलाओं के खातों में कब आएंगे रुपये?

रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक सहायता देने का भाजपा का वादा पूरा किया जाएगा। उन्होंने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि इस योजना की पहली किस्त 8 मार्च तक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी।

 

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये देने का वादा किया था, जबकि भाजपा ने इसे बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का एलान किया था। 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है, और इसी दिन यह सहायता राशि दी जाएगी।

 

आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना

रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जनता को एक-एक पैसे का हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करना भाजपा के सभी 48 विधायकों की जिम्मेदारी है, और महिलाओं को वित्तीय सहायता समेत सभी वादे पूरे किए जाएंगे।

 

कैबिनेट में कौन-कौन लेंगे शपथ?

ताजा जानकारी के मुताबिक, रेखा गुप्ता के साथ भाजपा विधायक प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह दिल्ली कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ लेंगे।

Share This Article