छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव 2025: भाजपा का दबदबा, कांग्रेस की कड़ी टक्कर, निर्दलीयों ने भी दिखाया दम
छत्तीसगढ़ में नगर निकाय चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है। सुबह 9 बजे से डाक मत पत्रों की गिनती शुरू हुई, जिसके बाद 9:30 बजे से ईवीएम मतों की गणना शुरू कर दी गई। इस चुनाव में 10 नगर निगमों के महापौर और पार्षदों समेत 173 नगरीय निकायों के अध्यक्ष और पार्षद पदों पर फैसला होना है। मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और समर्थक वहां पहुंचे हैं।
राजनांदगांव में गहमागहमी, मतगणना स्थल पर उमड़ी भारी भीड़
राजनांदगांव नगर निगम के 51 वार्डों में पार्षद चुनाव की मतगणना जारी है। भाजपा और कांग्रेस के समर्थकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मतगणना स्थल पर पहुंचे हैं और उत्सुकता से नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
नारायणपुर में भाजपा की जीत, कांग्रेस को झटका
नारायणपुर में भाजपा ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। 13 वार्डों में भाजपा विजयी रही, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 2 वार्डों में जीत मिली।
बीजापुर और दुर्ग के नतीजे: भाजपा और कांग्रेस ने बांटी जीत
बीजापुर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की गीता सोम पुजारी ने 1376 मतों से जीत दर्ज की, जबकि दुर्ग के रिसाली उपचुनाव में कांग्रेस के राहुल राय 814 वोटों के साथ विजयी रहे।
धमतरी के नगरी में भाजपा की बढ़त
धमतरी जिले की नगरी नगर पंचायत में भाजपा के बलजीत छाबड़ा ने अध्यक्ष पद पर 200 मतों से जीत दर्ज की। पार्षदों के चुनाव में भाजपा ने 11 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 3 और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई।
कवर्धा में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ी
कवर्धा के सभी वार्डों की मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम को कड़ी सुरक्षा में खोला गया। रिटर्निंग अधिकारी और जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम से निकालकर मतगणना स्थल तक पहुंचाया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई।
महापौर पद पर भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर
नगर निकाय चुनाव में महापौर पद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जोरदार मुकाबला चल रहा है। भाजपा प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है, जबकि कांग्रेस फिर से सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है।
बिना चुनाव लड़े 32 प्रत्याशियों की जीत
चुनाव से पहले ही 32 पार्षद प्रत्याशियों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया। ये प्रत्याशी 15 जिलों के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों से ताल्लुक रखते हैं। बसना नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए खुशबू अग्रवाल पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी हैं।