करनाल में नहर में गिरे किशोर की तलाश जारी, गोताखोरों ने 10 किलोमीटर तक चलाया सर्च ऑपरेशन

हरियाणा के करनाल जिले में इंद्री पश्चिमी यमुना नहर में चार दिन पहले रेहड़ी सहित गिरे किशोर की तलाश जारी है। गोताखोरों और पुलिस टीमें 13 डिग्री तापमान में भी नहर में सर्च अभियान चला रही हैं।

बीते शनिवार शाम करीब 7 बजे इंद्री के वार्ड नंबर 5 निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र अपनी साइकिल रेहड़ी जिसमें फल भी थे, उसे लेकर घर की तरफ जा रहा था। लेकिन जब वह पश्चिमी यमुना के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक वह रेहड़ी सहित नहर में जा गिरा। जिसके बाद वीरेंद्र का कोई सुराग नहीं लग पाया।

वीरेंद्र के पिता सुभाष ने बताया कि अपने बच्चों का पालन पोषण करने के लिए वह व उसकी पत्नी इंद्री में ही फलों की रेहड़ी लगाते थे। स्कूल से आने के बाद वीरेंद्र भी उनका काम में हाथ बंटवा देता था। शनिवार शाम को वह और उसकी पत्नी घर पर आ गए। जबकि, वीरेंद्र रेहड़ी लेकर 7 बजे घर की तरफ आ रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

इंद्री थाना के जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि पिछले चार दिन सें पुलिस सरकारी गोताखोर के साथ नहर में सर्च अभियान चला रही है। अब तक करीब 10 किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया जा चुका है। लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। जबकि रेहड़ी को अगले दिन ही नहर से निकाल लिया गया था।

उन्होंने बताया कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण सर्च अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। इसके बावजूद पुलिस और गोताखोर लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही किशोर का सुराग मिल जाएगा।

परिवार सदमे में

वीरेंद्र के परिवार के लोग भी पिछले चार दिन से इंद्री पश्चिमी यमुना नहर पर डेरा डाले हुए हैं। दिन रात ठंड में बेटे के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। जब से बेटे की रेहड़ी सहित नहर में गिरने की सूचना मिली है, तब से घर में चूल्हा तक नहीं जला। आस पड़ोस के लोग ही परिवार को समझा बुझाकर खाना खिला रहे हैं। नाबालिग बेटे को लेकर परिवार गहरे सदमे में है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version