शीतलहर से राहत: हरियाणा में धूप, बारिश की संभावना नहीं

Rajiv Kumar

हरियाणा में सुबह के समय से खिली धूप लोगों को ठंड से राहत दे रही है। सोनीपत में भी धूप खिली है, लेकिन 14 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही शीतलहर के कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। वीरवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार के मुकाबले थोड़ा ज़्यादा है। शीतलहर चलने से वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार हरे रंग में बना हुआ है। सुबह नौ बजे एक्यूआई 82 दर्ज किया गया।

अंबाला में सुबह से धूप निकली है। धूप के साथ-साथ तेज हवा ने लोगों को परेशान किया। हवा चलने से सुबह ठंड रही। रात का तापमान गिरने से रात में भी ठंड से राहत नहीं मिली है। 9 फरवरी तक मौसम खुश्क रहने और हवा चलने की संभावना है।

रेवाड़ी में सुबह से ही अच्छी धूप निकली हुई है। आज बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने परिवर्तनशील मौसम रहने की संभावना जताई है। बुधवार को मौसम दोपहर के बाद अचानक से बदल गया था। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

पानीपत में वीरवार सुबह ही धूप निकल गई। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवा के कारण धूप में भी गर्मी का अहसास नहीं हो पा रहा है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों ने अगले दो दिन मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई है। 11 दिसंबर को बूंदाबांदी हो सकती है।

करनाल में अलसुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन सुबह से ही धूप निकली हुई है और सर्द हवाएं चल रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment