चोपड़ा परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल है। 7 फरवरी को प्रियंका चोपड़ा के भाई सिद्धार्थ चोपड़ा ने नीलम उपाध्याय से शादी रचाई। वेडिंग फंक्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें प्रियंका, परिणीति और परिवार के अन्य सदस्य जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। फैंस भी इस जोड़ी पर प्यार बरसा रहे हैं।
अक्सर फिल्मी सितारों की लव स्टोरी किसी इवेंट या फिल्म के सेट पर शुरू होती है, लेकिन सिद्धार्थ और नीलम की कहानी थोड़ी अलग है। दोनों की पहली मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। खास बात यह है कि यह वही ऐप है, जिसमें प्रियंका चोपड़ा ने निवेश किया था। हार्पर बाजार यूके को दिए एक इंटरव्यू में प्रियंका ने खुद इस बात का खुलासा किया था। उन्होंने बताया, ‘यह ऐप काफी कूल है, और मेरे भाई अपनी मंगेतर से इसी के जरिए मिले थे। इसके लिए उसने मुझे धन्यवाद भी कहा था।’
नीलम उपाध्याय भी प्रियंका की तरह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हैं। वह तमिल और तेलुगु फिल्मों की अभिनेत्री हैं और 2012 में फिल्म Mr. 7 से डेब्यू कर चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने एक्शन 3डी, उन्नोडु ओरु नाल और ओम शांति ओम जैसी फिल्मों में काम किया। आखिरी बार उन्हें 2021 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म तमाशा में देखा गया था।
सिद्धार्थ और नीलम की जोड़ी पहली बार एक साथ देखी गई थी, तभी से दोनों की डेटिंग की चर्चाएं होने लगी थीं। इसके बाद अगस्त 2024 में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने सगाई कर ली। अब 7 फरवरी 2025 को यह कपल शादी के बंधन में बंध गया है। फैंस उनकी वेडिंग फोटोज पर खूब प्यार लुटा रहे हैं।