New Delhi : राजस्थान से होंगी सोनिया गांधी राज्यसभा उम्मीदवार, कल जयपुर आकर भरेंगी नामांकन

नई दिल्ली : सोनिया गांधी इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक पार्टी सूत्रों ने बताया है कि सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगी। इस दौरान उनके साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी। राहुल मंगलवार शाम को ही छत्तीसगढ़ से दिल्ली पहुंच गए हैं। हालांकि सोनिया गांधी के नाम की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

यह कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी को मनमोहन सिंह की सीट से राज्यसभा के लिए भेजा जाना तय हुआ है। पूर्व PM का कार्यकाल 3 अप्रैल 2024 को खत्म हो रहा है। यह पहला मौका है जब सोनिया गांधी राज्यसभा जाएंगी। वे 5 बार की लोकसभा सांसद हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी (1964-1967 तक) राज्यसभा की सांसद रह चुकी हैं।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार हो सकती हैं। कांग्रेस कभी भी राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी बुधवार (14 फरवरी) को नामांकन कर सकती हैं। राजस्थान में बुधवार को राज्यसभा के नामांकन की तैयारियां की जा रही हैं।

कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को बुधवार को जयपुर पहुंचने को कहा है। दो दिन सभी विधायकों को जयपुर रहने को कहा है। कई विधायक जयपुर पहुंच गए हैं, कुछ सुबह तक पहुंच रहे हैं। नामांकन फाॅर्म भरकर सेट तैयार कर लिए गए हैं। नामांकन फाॅर्म के साथ 10-10 विधायकों के प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं।

स्वागत की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता : सोनिया गांधी के स्वागत की तैयारियों के लिए सभी कांग्रेसी विधायकों को मंगलवार को जयपुर बुला लिया गया है। उनके स्वागत कार्यक्रम और चुनावी तैयारियों को लेकर मंगलवार को पूर्व सीएम अशोक गहलोत के निवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक बुलाई गई। शाम को यह बैठक शुरू हुई इसमें अशोक गहलोत के अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

 अभी 6 सीट कांग्रेस के पास,चुनाव बाद भी यही रहेगा आंकड़ा : ​राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं। किरोड़ीलाल मीणा के इस्तीफा देने के बाद एक सीट खाली है। इनमें 6 सीटों पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद है और बाकी सीटें बीजेपी के पास हैं। राज्यसभा चुनावों के बाद भी आंकड़ा यही रहेगा,क्योंकि 6 सीटें कांग्रेस और 4 बीजेपी के खाते में रहेगी। साल 2026 और 2028 में बच रही 7 सीटों पर चुनाव होंगे, जिसके बाद बीजेपी की सीटों की संख्या बढ़ेगी। अभी राजस्थान से कांग्रेस के मनमोहन सिंह, नीरज डांगी, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनिक और प्रमोद तिवारी राज्यसभा सांसद हैं। बीजेपी से राजेंद्र गहलोत, घनश्याम तिवाड़ी और भूपेंद्र यादव राज्यसभा सांसद हैं।

27 फरवरी को राज्यसभा की 56 सीटों पर चुनाव होंगे : राज्यसभा की 56 सीटों पर 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। चुनाव आयोग इसके लिए 8 फरवरी को नोटिफिकेशन जारी कर चुका है। 15 फरवरी को नॉमिनेशन की आखिरी तारीख है। 27 फरवरी को ही रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version