IND vs ENG: टेस्ट मैचों में आर अश्विन ने किए 500 विकेट पूरे

आर अश्विन ने राजकोट टेस्ट में 500 विकेट पूरे किए।
  • यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज

नई दिल्ली : भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट पूरे हो गए। उन्होंने शुक्रवार (16 फरवरी) को इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट में जैक क्राउली को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। अश्विन टेस्ट में 500 विकेट लेने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने यह उपलब्धि हासिल की थी। अश्विन से पहले आठ गेंदबाज टेस्ट में 500 विकेट का आंकड़ा पार कर चुके हैं। इस मामले में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन शीर्ष पर हैं। उन्होंने 133 टेस्ट मैचों में 800 विकेट लिए हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज कुंबले हैं। उनके नाम 132 टेस्ट में 619 विकेट हैं।

  • टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
    खिलाड़ी               देश          मैच    विकेट
    मुथैया मुरलीधरन  श्रीलंका       133    800
    शेन वॉर्न               ऑस्ट्रेलिया   145    708
    जेम्स एंडरसन       इंग्लैंड        185     696*
    अनिल कुंबले        भारत         132    619
    स्टुअर्ट ब्रॉड          इंग्लैंड         167    604
    ग्लेन मैक्ग्रा           ऑस्ट्रेलिया   124   563
    कर्टने वॉल्श         वेस्टइंडीज   132    519
    नाथन लियोन       ऑस्ट्रेलिया   127    517
    रविचंद्रन अश्विन   भारत          98      500*

कम टेस्ट मैचों में 500 विकेट लेने के मामले में अनिल कुंबले व शेन वॉर्न को भी पीछे छोड़ा : अश्विन सबसे कम टेस्ट मैचों में 500 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने अनिल कुंबले, ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ दिया। अश्विन ने 98वें टेस्ट में 500वां विकेट लिया। कुंबले ने 105, वॉर्न ने 108 और मैक्ग्रा ने 110 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस मामले में शीर्ष पर मुरलीधरन हैं। उन्होंने 87 टेस्ट मैचों में ही 500 विकेट ले लिए थे।

सबसे कम गेंदों पर 500 विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने अश्विन: अश्विन सबसे कम गेंदों पर 500 विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 25714 गेंदों पर यह उपलब्धि हासिल की। मैक्ग्रा उनसे आगे हैं। उन्होंने सबसे कम 25528 गेंदों पर 500 विकेट लिए हैं। जेम्स एंडरसन ने 28150 और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 28430 गेंदों पर 500 विकेट लिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version