IND vs ENG: भारत ने रांची टेस्ट 5 विकेट से जीता, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त

  • सीरीज पर कब्जा, रोहित और गिल के लगाया अर्धशतक

रांची : टीम इंडिया ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया। सोमवार को चौथे दिन टीम ने 192 रन के टारगेट को 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया सीरीज में 3-1 से आगे है, यानी पांच मैचों की सीरीज भी अपने नाम कर ली है।

ध्रुव जुरेल ने टॉम हार्टले की बॉल पर दो रन लेकर टीम इंडिया को जीत दिला दी। भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा (55) और शुभमन गिल (52) ने दूसरे इनिंग में अर्धशतक लगाया। टीम इंडिया ने 40/0 के स्कोर से चौथे दिन अपनी दूसरी इनिंग आगे बढ़ाई। इससे पहले, इंग्लिश टीम तीसरे दिन के तीसरे सेशन में दूसरी पारी में 145 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की पहली पारी के 46 रन की लीड के आधार पर भारत को 192 रन का टारगेट मिला। इंग्लैंड टीम पहली पारी में 353 और भारतीय टीम 307 रन पर ऑलआउट हुई।

चौथे टेस्ट मैच की हाइलाइट्स

शुभमन का अर्धशतक : शुभमन गिल ने टेस्ट करियर का छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने शोएब बशीर की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ 50 से ज्यादा रन की साझेदारी भी की। इन दोनों की साझेदारी ने टीम इंडिया की जीत लगभग तय कर दी है। अब सिर्फ आठ रन की जरूरत है।

शुभमन-जुरेल क्रीज पर : भारत ने पांच विकेट गंवाकर 148 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 27 और ध्रुव जुरेल 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 28 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया को अभी भी 44 रन की जरूरत है।

भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी : लंच के बाद भारत को लगातार दो गेंद पर दो झटके लगे। शोएब बशीर ने भारत की दूसरी पारी के 39वें ओवर की पहली गेंद पर रवींद्र जडेजा को बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। फिर अगली ही गेंद पर सरफराज खान को ओली पोप के हाथों कैच कराया। जडेजा चार रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सरफराज खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल ध्रुव जुरेल और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। भारत को अभी भी 60 से ज्यादा रन की जरूरत है।

लंच ब्रेक : लंच तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 118 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अभी भी 74 रन की जरूरत है। शुभमन गिल 18 रन और रवींद्र जडेजा तीन रन बनाकर नाबाद हैं। आज भारत ने बिना विकेट के 40 रन से आगे खेलना शुरू किया। भारत को पहला झटका 84 के स्कोर पर लगा जब जो रूट ने यशस्वी जायसवाल को जेम्स एंडरसन के हाथों कैच कराया। वह 37 रन बना सके। फिर रोहित शर्मा भी टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। उन्हें टॉम हार्टले ने बेन फोक्स के हाथों कैच कराया। रोहित 55 रन बना सके। रजत पाटीदार फिर फेल रहे और खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। फिलहाल गिल और जडेजा के बीच 18 रन की साझेदारी हो चुकी है।

रजत पाटीदार फिर फेल : 100 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। रजत पाटीदार खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। उन्हें शोएब बशीर ने ओली पोप के हाथों कैच कराया। रजत इस पूरी सीरीज में फेल रहे हैं। टीम में उनकी जगह पर खतरा मंडराने लगा है। फिलहाल रवींद्र जडेजा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अभी भी 92 रन की जरूरत है।

भारत को दूसरा झटका : भारत को 99 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। टॉम हार्टले की गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में रोहित शर्मा के बल्ले से लगकर गेंद विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों में चली गई। उन्होंने 81 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली। भारत को अभी भी जीत के लिए 93 रन की जरूरत है।

रोहित का अर्धशतक : रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 69 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल भारत का स्कोर एक विकेट पर 90 रन है। शुभमन गिल भी क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए अब 102 रन की जरूरत है।

भारत को लगा पहला झटका : भारत को 84 के स्कोर पर पहला झटका लगा। यशस्वी जायसवाल 37 रन बनाकर जो रूट की गेंद पर आउट हुए। उन्हें रूट ने एंडरसन के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में यशस्वी ने पांच चौके लगाए। फिलहाल रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। रोहित अर्धशतक के करीब हैं। भारत को जीत के लिए अभी भी 108 रन की जरूरत है।

रोहित-यशस्वी की आक्रामक बल्लेबाजी : भारत ने बिना विकेट गंवाए 40 रन से आगे खेलना शुरू किया और आधे घंटे में बिना विकेट गंवाए 82 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 45 रन और यशस्वी जायसवाल 37 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित टेस्ट में 17वें अर्धशतक के करीब हैं।

चौथे दिन का खेल शुरू : चौथे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। रोहित और यशस्वी पर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। भारतीय टीम चाहेगी कि इस लक्ष्य को जल्दी हासिल किया जाए। पिच पर गेंद काफी टर्न हो रही है। ऐसे में शोएब बशीर, टॉम हार्टले और जो रूट को खेलना टीम इंडिया के लिए चुनौती होगी।

रोहित और यशस्वी पर दारोमदार : तीसरे दिन के खेल के समाप्त होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 24 रन और यशस्वी जायसवाल 16 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया को अभी भी जीत के लिए 152 रन की जरूरत है। भारत की पहली पारी तीसरे दिन 307 रन पर सिमट गई थी। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 353 रन बनाए थे। इस लिहाज से इंग्लैंड को दूसरी पारी में 46 रन की बढ़त मिली थी।

इंग्लैंड की दूसरी पारी : इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में अश्विन और कुलदीप के आगे घुटने टेक दिए और 145 रन पर सिमट गई। जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। वहीं, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन और जेम्स एंडरसन खाता भी नहीं खोल सके। बेन डकेट 15 रन, जो रूट 11 रन, जॉनी बेयरस्टो 30 रन, कप्तान बेन स्टोक्स चार रन, बेन फोक्स 17 रन, टॉम हार्टले सात रन बनाकर आउट हुए। अश्विन ने 35वीं बार टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए। वहीं, कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए। रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version