दिल्ली चुनाव के असर से बदलेगा हरियाणा का सियासी समीकरण, शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की बढ़ेगी ताकत

Rajiv Kumar

दिल्ली चुनाव के असर से बदलेगा हरियाणा का सियासी समीकरण, शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की बढ़ेगी ताकत

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का असर हरियाणा के शहरी निकाय चुनावों पर भी पड़ सकता है। भाजपा के कई बड़े नेता दिल्ली चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के बाद अब हरियाणा में चुनावी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। पार्टी इस बार शहरी निकाय चुनाव को बेहद सुनियोजित तरीके से लड़ने की तैयारी कर रही है।

 

“ट्रिपल इंजन सरकार” के नारे पर भाजपा की रणनीति

 

केंद्र में नरेंद्र मोदी, हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्थानीय निकायों में भाजपा की जीत को लेकर पार्टी “ट्रिपल इंजन सरकार” के नारे को जोर-शोर से आगे बढ़ा रही है। भाजपा मानती है कि यदि राज्य और केंद्र में एक ही पार्टी की सरकार होती है तो शहरी विकास में कोई बाधा नहीं आती। दिल्ली में करारी हार के बाद कांग्रेस के कई नेता निकाय चुनाव को लेकर असमंजस में हैं, जिससे भाजपा को और अधिक बढ़त मिलने की संभावना है।

 

कांग्रेस ने लिया अहम फैसला, सिम्बल पर नहीं लड़ेगी चुनाव?

 

कांग्रेस की हाल ही में हुई बैठक में फैसला लिया गया था कि पार्टी केवल नगर निगम के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी, जबकि नगर परिषद और नगर पालिकाओं के चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया था। लेकिन दिल्ली के चुनावी नतीजों के बाद अब संभावना कम है कि कांग्रेस बाकी निकाय चुनाव भी सिंबल पर लड़ेगी।

 

भाजपा का बढ़ा आत्मविश्वास, हर नगर निगम के लिए जारी होगा संकल्प पत्र

 

दिल्ली चुनाव में अप्रत्याशित जीत के बाद भाजपा के हौसले बुलंद हैं। पार्टी ने तय किया है कि हर नगर निगम के लिए अलग-अलग संकल्प पत्र जारी किया जाएगा। भाजपा को आमतौर पर शहरी वोट बैंक की पार्टी माना जाता है, ऐसे में पार्टी को भरोसा है कि जनता विकास के लिए उसे ही वोट देगी।

 

दिल्ली चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत, AAP का सबसे खराब प्रदर्शन

 

27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सत्ता में वापसी हुई, जिसमें पार्टी ने 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की। 2020 में केवल 8 सीटें जीतने वाली भाजपा ने इस बार 40 सीटें ज्यादा हासिल कीं। वहीं, आम आदमी पार्टी की स्थिति खराब हो गई और उसे केवल 22 सीटें मिलीं, जो उसका अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन रहा।

 

 

 

Share This Article