आम बजट 2025: वित्त मंत्री सीतारमण संसद पहुंचीं, 11 बजे पेश करेंगी बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज सुबह 11:00 बजे संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। यह उनका वित्त मंत्री के रूप में लगातार आठवां बजट होगा। बजट सत्र शुक्रवार को शुरू हुआ, जिसमें आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया गया। इस बजट से आम आदमी को राहत मिलने की उम्मीद है।
बजट पर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंच चुके हैं, और बजट पर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में वित्त मंत्री बजट के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करेंगी।
देश की आर्थिक दिशा तय करेगा बजट: केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह बजट देश के विकास और गरीबों के उत्थान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उम्मीद जताई कि यह बजट सभी को पसंद आएगा।
हर वर्ग के लिए होगा बजट: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज का बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
राष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं
बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ‘दही-चीनी’ खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सीतारमण संसद भवन के लिए रवाना हुईं।