हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा शुरू हो गया है। 13 फरवरी को दिल्ली कूच करने की योजना के तहत किसान अंबाला में इकट्ठा हो रहे हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अंबाला से पटियाला-लुधियाना जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया है और वाहनों को चंडीगढ़ की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है।
शहजादपुर में आर्म्ड फोर्स की टुकड़ी तैनात की गई है। कई दिनों से पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने डिवाइडर ब्लॉक और बैरिकेड लगा दिए हैं।
अंबाला-राजपुरा रोड पर देवीनगर के पास सर्विस रोड को डिवाइडर ब्लॉक से बंद कर दिया गया है। शंभू बॉर्डर की तरफ से देवीनगर में जाने के लिए अंडरपास के नीचे से जाना पड़ता है, मगर यहां अंडरपास के पास तीन से चार लेयर में डिवाइडर ब्लॉक लगा दिए हैं।
पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए टोल प्लाजा के पास जवान तैनात किए हैं।
हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। लोगों से 13 फरवरी को प्रदेश के मुख्य मार्ग का उपयोग अति आवश्यक स्थिति में ही करने की सलाह दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था), हरियाणा, ममता सिंह ने बताया कि एनएच-44 दिल्ली चंडीगढ़ हाईवे पर किसी यातायात की बाधा की परिस्थिति में चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री डेराबस्सी, बरवाला/रामगढ़, साहा, शाहबाद, कुरूक्षेत्र के रास्ते अथवा पंचकूला, एनएच-344 यमुनानगर इंद्री/पिपली, करनाल होते हुए दिल्ली पहुंचे।
उन्होंने बताया कि शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी तरह की हिंसा को रोकने और यातायात और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुविधाजनक बनाने के लिए पुलिस द्वारा विस्तृत व्यवस्था की गई है।