farmers movement : किसानों का दिल्ली कूच : पंजाब-हरियाणा बॉर्डर सील, सिंघु पर बंद होगा ट्रैफिक

हरियाणा के अंबाला जिले की पंजाब से लगती सभी सीमाओं की सील कर दी गई।
  • आज किसानों के साथ केंद्रीय मंत्री करेंगे चंडीगढ़ में शाम 5 बजें मीटिंग, सिरसा में 2 टेंपरेरी जेलें बनाई गई

अंबाला : संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और किसान-मजदूर मोर्चा 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेगा। इससे पहले किसानों को रोकने की आखिरी कोशिश के लिए चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय किसानों से शाम 5 बजे मीटिंग करेंगे। किसानों से निपटने के लिए हरियाणा के सिरसा के चौधरी दलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम और गुरू गोबिंद सिंह स्टेडियम, सिरसा रोड, डबवाली में 2 टेंपरेरी जेलें बना दी गई हैं। गृह विभाग के प्रस्ताव को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है।

लोहे की बड़ी-बड़ी कीलें लगाई गई हैं शंभू बॉर्डर पर।

वहीं किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए सिंघु बॉर्डर पर आवाजाही बंद हो जाएगी। सोमवार को यहां कॉमर्शियल गाड़ियों को बंद किया जाएगा। मंगलवार को इसे सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान बसें वगैरह KMP कुंडली बॉर्डर से जाएंगी। इससे पहले किसानों को रोकने के लिए पंजाब-हरियाणा के शंभू, खनौरी समेत सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। दिल्ली से सटे सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर भी सीमेंट के बैरिकेड लगा दिए गए हैं। अंबाला के शंभू बॉर्डर और फतेहाबाद में बैरिकेड्स और लोहे की कीलें लगाई गई हैं। केंद्र ने हरियाणा में पैरामिलिट्री की 64 कंपनियां भेज दी हैं। इनमें BSF और CRPF के जवान भी शामिल हैं।

शंभू बॉर्डर सील होने के कारण लोग घग्गर नदी को पैदल ही पार करने का उठा रहे हैं जोखिम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल बोलेट्रैक्टर पर हथियार लाएंगे तो क्यों रोकें : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को पंचकूला में कहा कि किसान ट्रैक्टर पर हथियार बांधकर लेकर आएंगे तो हम उन्हें क्यों न रोकें?। पंजाब के किसानों को हरियाणा में घुसने से रोकने के लिए सभी बॉर्डर सील किए गए हैं।

15 जिलों में धारा 144 लागू, 7 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद : हरियाणा में कानून व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, फतेहाबाद, सोनीपत, झज्जर, पंचकूला, जींद, हिसार और चंडीगढ़ समेत 15 जिलों में धारा 144 लगाई गई है। ट्रैक्टर ट्रॉली पर किसी भी तरह के प्रदर्शन करने पर रोक है। साथ ही पुलिस की टीमें सोशल मीडिया पर भी अफवाह फैलाने वालों पर नजर रख रही है। हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल, जींद, फतेहाबाद, डबवाली समेत सिरसा जिले में 13 फरवरी की रात 11.59 बजे तक डोंगल, बल्क SMS और इंटरनेट पर रोक लगाई गई है।

पंजाब से काफी संख्या में ट्रैक्टरट्रॉली आने की उम्मीद : 13 फरवरी को पंजाब के किसान काफी संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में दाखिल होंगे। इसके लिए शंभू बॉर्डर, डबवाली और खनौरी बॉर्डर को चुना गया है। अंबाला में आपात स्थिति से निपटने व कानून व्यवस्था बनाने के लिए चार कंपनियां एल्फा, ब्रेवो, चार्ली व डेल्टा का गठन किया गया है। चारों कंपनियों में 428 जवान होंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version