Weather Update: हरियाणा में ठंड का प्रकोप 5 दिन और जारी रहेगा

हरियाणा में ठंड का प्रकोप 5 दिन और जारी रहेगा। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में 27 जनवरी तक कोहरा-कोल्ड डे व शीत लहर की संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 10 किलोमीटर की स्पीड से चलने वाली शीत लहर से लोगों को परेशानी होगी। हालांकि, दिन के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन अभी भी दिन का पारा सामान्य से 5.3 डिग्री तक कम है। वहीं रात के तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य के नजदीक पहुंच चुका है।

हरियाणा के 16 जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। यहां घना कोहरा, कोल्ड डे और शीतलहर चलने के आसार हैं। अन्य जिलों में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, इसलिए इन जिलों को यलो अलर्ट पर रखा गया है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी यानी आज और 24 जनवरी यानी कल को कई इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। कुछ स्थानों पर 23 को भी सर्द दिन रह सकता है। हालांकि, शीतलहर से अभी राहत के आसार कम हैं। 24 जनवरी तक प्रदेश में कोहरे, शीत दिन और शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी को पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ असर दिखा सकता है। इससे बर्फबारी या बारिश हो सकती है। इससे प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ सकता है।

इसलिए जारी है ठंड का दौर

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सूबे में ठंड की चरम स्थिति के पीछे मुख्य कारण कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। साथ ही उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण शीतलहर चल रही है। इन हवाओं के साथ ही बीच-बीच में दक्षिण-पूर्वी व दक्षिण-पश्चिमी नमी वाली हवाओं के चलने से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version