आसनसोल से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया

भोजपुरी गायक पवन सिंह ने रविवार को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार, लेकिन किसी कारण वश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।”

इस बीच, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें दिल्ली बुलाया है।

भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को 195 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की थी। इसमें पवन सिंह को हिन्दी भाषी आसनसोल सीट से प्रत्याशी बनाया गया था। कभी भाजपा में रहे शत्रुघ्न सिन्हा फिलहाल यहां से TMC के सांसद हैं। सिन्हा से पहले गायक बाबुल सुप्रियो यहां से भाजपा के दो बार सांसद रह चुके हैं।

पवन सिंह के चुनाव लड़ने से इनकार के बाद ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, “खेला होने से पहले खेला हो गया। ये भाजपा का पहला सेल्फ गोल है।”

उधर, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया। हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “कृष्णानगर का क्लिनिक मेरा इंतजार कर रहा है।” हर्षवर्धन चांदनी चौक से सांसद हैं। पार्टी ने उनकी जगह प्रवीण खंडेलवाल को इस बार टिकट दिया है।

भाजपा ने शनिवार शाम को 16 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए। 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं, जिन्हें पार्टी ने युवा कहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी और अमित शाह गांधीनगर से ही चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज को विदिशा से, त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देब को त्रिपुरा पश्चिम और असम के पूर्व CM सर्बानंद सोनोवाल को डिब्रूगढ़ से टिकट मिला है।

पार्टी ने पहली लिस्ट में 34 सांसदों के टिकट काट दिए हैं। इसमें वो सांसद भी शामिल हैं जो संसद के अंदर और बाहर अपने भड़काऊ बयानों को लेकर विवादों में रहे। इनमें भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा, दिल्ली से दो सांसद रमेश विधुड़ी और प्रवेश वर्मा को भी टिकट नहीं दिया गया है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला अपनी सीट कोटा से फिर मैदान में होंगे। पार्टी ने सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार डॉ. अब्दुल सलाम को केरल के मलप्पुरम से प्रत्याशी बनाया है। उत्तरप्रदेश के श्रावस्ती से पूर्व IAS और मोदी के पूर्व निजी सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे साकेत मिश्रा को टिकट मिला है। इस लिस्ट में 4 भोजपुरी स्टार्स मनोज तिवारी, रवि किशन, दिनेश लाल और पवन सिंह शामिल थे।