हरियाणा में 8 टोल प्लाजा बंद, 210 अवैध कॉलोनियां नियमित, बाढ़ प्रभावित किसानों को 98 करोड़ रुपए दिए

Rajiv Kumar

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 8 टोल प्लाजा बंद किए जाएंगे। इससे जनता को सालाना 22.48 करोड़ रुपए की बचत होगी। इन टोल प्लाजा में कुरूक्षेत्र जिले में पिहोवा-पटियाला रोड पर तेओकड़, होडल-नूंह-पटौदी रोड पर सौंध, चरोदा और पथरेड़ी, राय-नाहरा-बरौदा, बहादुरगढ़ रोड पर बामनोली, पुन्हाना-जुरहेड़ा रोड पर सुनहेरा और फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना रोड पर बंधवाड़ी टोल प्लाजा शामिल हैं।

सीएम ने अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने चंडीगढ़ में प्रदेश की 2274 अनियमित कॉलोनियों को 31 जनवरी तक नियमित करने का ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग की 103 और शहरी स्थानीय विभाग की 107 कॉलोनियों को नियमित किया जाएगा। इससे पहले 1673 कॉलोनियों को नियमित किया जा चुका है। आज की 210 कॉलोनियों मिलाकर 1883 कॉलोनियां प्रदेश में नियमित हो जाएंगी।

सीएम ने बताया कि अनधिकृत कॉलोनियां की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन और सैटेलाइट इमेजरी के माध्यम से नियमित सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके बाद यदि अवैध कॉलोनियों को बसाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

सीएम ने बाढ़ प्रभावित किसानों को 98 करोड़ रुपए जारी किए। उन्होंने बताया कि जुलाई 2023 में राज्य के 1469 गांव और 4 शहरों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया था। इन इलाकों से फसल खराबे के लिए 34511 किसानों को 97 करोड़ 93 लाख रुपए की राशि दी जा रही है।

सीएम ने बताया कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में विधायकों के ज़्यादा से ज़्यादा भागीदारी तय की गई है। पहली बार चुनकर आए विधायकों को पर्याप्त वक्त दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment