विजय हजारे ट्रॉफी 2024: सूर्यकुमार यादव फिर फ्लॉप, रिंकू सिंह और ऋतुराज भी नहीं चल सके

विजय हजारे ट्रॉफी 2024: सूर्यकुमार यादव फिर फ्लॉप, रिंकू सिंह और ऋतुराज भी नहीं चल सके

विजय हजारे ट्रॉफी 2024 के चौथे राउंड के मुकाबले में बड़े नामों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मुंबई और पंजाब के बीच खेले गए मैच में भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव का खाता भी नहीं खुला। उन्होंने 5 गेंदों का सामना किया और अर्शदीप सिंह की गेंद पर रमनदीप सिंह को कैच थमा दिया।

लगातार फ्लॉप हो रहे सूर्या

सूर्यकुमार का प्रदर्शन पिछले मैचों में भी खराब रहा है। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 18 रन और कर्नाटक के खिलाफ 20 रन बनाए थे। मुंबई के कप्तान श्रेयस अय्यर भी कोई खास योगदान नहीं दे सके और 17 रन बनाकर आउट हो गए। शिवम दुबे ने भी 17 रनों की पारी खेली, जिससे मुंबई की टीम 48.5 ओवर में 248 रन पर सिमट गई।


रिंकू सिंह की भी खराब फॉर्म

ग्रुप डी के मुकाबले में छत्तीसगढ़ के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कप्तान रिंकू सिंह भी फ्लॉप रहे। उन्होंने 5 गेंदों पर सिर्फ 1 रन बनाया और प्रतीक यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए। हालांकि, तमिलनाडु के खिलाफ रिंकू ने 55 रनों की पारी खेली थी।

ऋतुराज गायकवाड़ फिर हुए नाकाम

ग्रुप बी में महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबले में महाराष्ट्र के बल्लेबाजों ने धमाल मचाया। सिद्धेश वीर ने 155 और अंकित बावने ने 123 रन की शानदार पारियां खेलीं। हालांकि, टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उन्होंने 13 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाए।