PM Modi News: प्रचार खत्म कर साधना में लीन होंगे पीएम मोदी, दिन और रात लगाएंगे ध्यान

PM Modi News

PM Modi News : लोकसभा चुनाव का प्रचार खत्म होते ही पीएम मोदी साधना में लीन होंगे। वह कन्याकुमारी में विवेकानंद मेमोरियल के ध्यान मंडपम में 30 मई की शाम से 1 जून की शाम तक ध्यान करेंगे। सालों पहले इसी चट्टान पर स्वामी विवेकानंद ने तीन दिनों तक ध्यान कर विकसित भारत का दर्शन दिया था। यह भारत का दक्षिणतम छोर है।

एक मान्यता है कि देवी पार्वती ने भी भगवान शिव की प्रतीक्षा में यहां एक पैर पर खड़े होकर ध्यान लगाया था। भारत का यह दक्षिणतम हिस्सा है और यहीं पर पूर्वी और पश्चिमी तट आकर मिलते हैं। हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के संगम का भी यही स्थान है।

इस तरह भारतीय मान्यताओं के लिहाज से यह स्थान बेहद पवित्र है। पीएम नरेंद्र मोदी इस स्थान से राष्ट्रीय एकता का भी संदेश देंगे। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान भी दक्षिण भारत पर काफी फोकस किया था और वह कई बार तमिलनाडु के दौरे पर गए थे। इसके अलावा केरल, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्यों के भी उन्होंने खूब दौरे किए।