राज कुंद्रा-शिल्पा शेट्टी के घर ED का छापा: पोर्नोग्राफी मामले में जांच तेज, 2021 में भी हो चुकी है गिरफ्तारी

Rajiv Kumar

राज कुंद्रा-शिल्पा शेट्टी के घर ED का छापा: पोर्नोग्राफी मामले में जांच तेज, 2021 में भी हो चुकी है गिरफ्तारी

पोर्नोग्राफी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के घर छापेमारी की। इसके बाद राज कुंद्रा के दफ्तर और मुंबई व उत्तर प्रदेश की करीब 15 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया। ED का यह एक्शन मोबाइल एप्लिकेशन और अन्य माध्यमों से पोर्नोग्राफी के प्रसार की जांच के लिए है।

हॉटशॉट एप का मामला: राज कुंद्रा पर गंभीर आरोप

राज कुंद्रा पर आरोप है कि वह हॉटशॉट एप के जरिए पोर्न कंटेंट का प्रसारण और निर्माण करते थे। यह एप 2021 में विवादों के चलते गूगल और एप्पल प्लेटफॉर्म से हटा दी गई थी। इस एप को राज कुंद्रा की कंपनी विहान इंटरप्राइज द्वारा संचालित किया जाता था।

2021 में पोर्न रैकेट का भंडाफोड़

फरवरी 2021 में मड आइलैंड में पुलिस ने छापा मारकर एक पोर्न रैकेट का खुलासा किया था। जांच में टीवी एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ और राज कुंद्रा की कंपनी के कर्मचारी उमेश कामत का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार, उमेश अश्लील वीडियो लंदन में राज के बहनोई प्रदीप बख्शी को भेजता था, जो उन्हें एक अन्य एप पर अपलोड करते थे।

मनी लॉन्ड्रिंग और संपत्ति जब्ती

हाल ही में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की 97.79 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की। इसमें शिल्पा का जुहू स्थित फ्लैट, राज का बंगला और इक्विटी शेयर शामिल हैं। यह कार्रवाई बिटकॉइन पॉन्जी स्कीम घोटाले से जुड़ी थी।

अन्य आरोपियों में शर्लिन चोपड़ा और पूनम पांडे शामिल

इस मामले में एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा, पूनम पांडे और गहना वशिष्ठ को भी आरोपी बनाया गया है। राज कुंद्रा पर अश्लील सामग्री बनाने और बेचने, विश्वासघात और महिलाओं के अविवेकपूर्ण प्रतिनिधित्व से जुड़े कई आरोप हैं।

15वीं शादी की सालगिरह पर फिर विवादों में कपल

22 नवंबर को शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने अपनी शादी के 15 साल पूरे किए। इस मौके पर शिल्पा ने एक पोस्ट साझा की थी। लेकिन, ED की कार्रवाई से एक बार फिर यह जोड़ा सुर्खियों में आ गया है।

 

Share This Article