दिल्ली को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी

Rajiv Kumar

दिल्ली को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारी

दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला बुधवार शाम को हो जाएगा। भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के 48 विधायक शामिल होंगे, जहां केंद्रीय पर्यवेक्षक की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा। इसके बाद उपराज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।

भाजपा मुख्यालय में जश्न की तैयारी

गुरुवार दोपहर रामलीला मैदान में नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। दिल्ली भाजपा मुख्यालय में भी जश्न की तैयारियां जोरों पर हैं। पार्टी कार्यालय के प्रवेश द्वार पर नया गेट लगाया गया है, जिस पर लिखा गया है— “दिल्ली में भाजपा की सरकार”।

भाजपा नेताओं के मुताबिक, मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पूरे शहर में होर्डिंग लगाए जाएंगे, जिनमें नए मुख्यमंत्री की तस्वीर होगी। 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, इसलिए इस अवसर को खास बनाने की योजना बनाई जा रही है।

शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन होगा शामिल?

समारोह में राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। साथ ही, कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को भी निमंत्रण भेजा गया है।

इसके अलावा, भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता, सफाई कर्मचारी, झुग्गी-बस्ती प्रतिनिधि, धार्मिक-सामाजिक संगठनों के सदस्य और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के लोग भी समारोह में शामिल होंगे।

50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना, कड़े सुरक्षा इंतजाम

गुरुवार को रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस समेत 12 विभाग सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हुए हैं।

मुख्य सचिव के साथ मंगलवार देर शाम तक हुई बैठक में 1000 बसों के जरिए लोगों के लाने की योजना बनाई गई, जिसमें 500-800 बसें पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा, हजारों निजी वाहन भी कार्यक्रम स्थल तक आ सकते हैं।

Share This Article