हरियाणा निकाय चुनाव पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली का दावा, केंद्रीय नेतृत्व करेगा विज पर फैसला
हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने निकाय चुनावों में पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि इस बार भी भाजपा मजबूत प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि न सिर्फ हरियाणा बल्कि अन्य राज्यों में भी भाजपा के प्रति लोगों का उत्साह और विश्वास बना हुआ है।
अनिल विज पर केंद्रीय नेतृत्व करेगा फैसला
कैबिनेट मंत्री अनिल विज से जुड़े सवाल पर बड़ौली ने कहा कि इस पर निर्णय लेना केंद्रीय नेतृत्व का काम है। जब उनसे विज की चिट्ठी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया।
दिल्ली चुनाव में हरियाणा की अहम भूमिका
बड़ौली ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में हरियाणा का भी योगदान रहा। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सैनी पर यमुना में जहर घोलने जैसे झूठे आरोप लगाए थे। लेकिन दिल्ली की जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर इसका करारा जवाब दिया।
उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा की जनता ने हमेशा देशहित में योगदान दिया है और केजरीवाल के आरोप अनुचित थे। भाजपा ने सच्चाई जनता के सामने रखी, जिससे आम आदमी पार्टी की राजनीति बेनकाब हुई।
हरियाणा में भाजपा का मजबूत संगठन
बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है। पार्टी के 45 लाख नए सदस्य बने हैं और 42 हजार से अधिक कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य के रूप में जुड़े हैं। जल्द ही जिला और बूथ स्तर पर संगठन निर्माण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
निकाय चुनाव में महिलाओं को विशेष भागीदारी
उन्होंने कहा कि भाजपा निकाय चुनावों में महिलाओं को विशेष भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार काम कर रही है और चुनावों में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।