Assam Floods Update: असम में बाढ़ की स्थिति भयावह, 12 लाख से अधिक प्रभावित, मृतकों की संख्या 90 पहुंची

Rajiv Kumar

Assam Floods Update: गुवाहाटी – असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। लाखों लोग विस्थापित हो गए हैं और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने बताया कि सात नई मौतों के साथ बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या 90 हो गई है।

बाढ़ से प्रभावित इलाकों की स्थिति

ASDMA की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, गोवालपाड़ा जिले में नाव पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नागांव और जोरहाट जिलों में बाढ़ के पानी में डूबने से एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। हालांकि, कुछ इलाकों में बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार देखा गया है, लेकिन 24 जिलों के 12.33 लाख से अधिक लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

प्रमुख प्रभावित जिले

  • धुबरी: 3,18,326 लोग
  • कछार: 1,48,609 लोग
  • गोलाघाट: 95,277 लोग
  • नागांव: 88,120 लोग
  • ग्वालपाड़ा: 83,125 लोग
  • माजुली: 82,494 लोग
  • धेमाजी: 73,662 लोग
  • दक्षिण सलमारा: 63,400 लोग

Assam Floods Update

बाढ़ का प्रभाव

बाढ़ से 2406 गांव और 32924.32 हेक्टेयर फसल क्षेत्र पानी में डूब गए हैं। कई नदियों का जलस्तर घट रहा है, लेकिन ब्रह्मपुत्र, बुरहिडीहिंग, दिसांग और कुशियारा नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

राहत और पुनर्वास

बाढ़ प्रभावित जिलों में 316 राहत शिविरों में 2.95 लाख से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। बाढ़ में 6,67,175 से ज्यादा जानवर भी प्रभावित हुए हैं। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ के कारण अब तक 10 गैंडों सहित 180 जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है।

Share This Article